
शेखपुरा: बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। बरबीघा थाना क्षेत्र के नासरातपुर गांव में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 मोबाइल फोन और 11 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
राज्य पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- राकेश कुमार यादव (पिता – सैना यादव)
- संदीप कुमार (पिता – कृष्ण यादव)
- सिटी कुमार (पिता – नागो यादव)
तीनों आरोपी बरबीघा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में शेखपुरा साइबर थाना में कांड संख्या 20/26 (दिनांक 28-04-2026) दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं—318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 3(5)—और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस
एसटीएफ और शेखपुरा पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुट गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।


