
बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। महुआ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक मुकेश रौशन को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद उन्होंने पटना SSP को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पूर्व विधायक के अनुसार, उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल और धमकी भरे संदेश भेजे गए। मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए डराने और धमकाने की कोशिश की। शिकायत में संबंधित मोबाइल नंबर का भी उल्लेख किया गया है और पूरे मामले की गंभीर जांच की मांग की गई है।
मुकेश रौशन ने आवेदन में कहा है कि उनका परिवार पहले भी हिंसा का शिकार हो चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1993 में उनके पिता सहित परिवार के कई सदस्यों की हत्या कर दी गई थी, जिसमें कुख्यात अपराधियों और राजनीतिक लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। ऐसे में हालिया धमकी को वे बेहद गंभीर मान रहे हैं।
पूर्व विधायक का कहना है कि लगातार धमकी भरे संदेश मिलने के बाद उन्होंने पटना SSP से हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जा सके।
इधर, अगमकुआं थाना पुलिस का कहना है कि थाने में अभी तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या फिर किसी ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर पूर्व विधायक को डराने की कोशिश की है। मामले की जांच जारी है।


