
पटना/नई दिल्ली: ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल होंगे। इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से बिहार राजभवन को आधिकारिक सूचना भेजी गई है।
3 जुलाई को तेहरान रवाना होंगे राज्यपाल
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन 3 जुलाई को ईरान की राजधानी तेहरान के लिए रवाना होंगे। उनके साथ विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा भी मौजूद रहेंगे और भारत सरकार की ओर से शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
पूर्व निर्धारित विदेश दौरे के कारण शामिल नहीं होंगे प्रधानमंत्री
सूत्रों के अनुसार ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, प्रधानमंत्री का इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया का पूर्व निर्धारित दौरा होने के कारण उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने में असमर्थता जताई। इसके बाद भारत सरकार ने उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को तेहरान भेजने का निर्णय लिया।
4 जुलाई से शुरू होंगे अंतिम संस्कार के कार्यक्रम
ईरान सरकार के कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई से तेहरान में अंतिम संस्कार की औपचारिकताएं शुरू होंगी। इसके बाद क़ोम में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 9 जुलाई को अयातुल्ला अली खामेनेई को उनके गृहनगर मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
दुनियाभर के नेताओं की रहेगी मौजूदगी
अंतिम संस्कार में दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, शीर्ष राजनयिक और विदेशी प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा इस अवसर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।


