बार-बार इंजन फेल होने से गोड्डा-रांची एक्सप्रेस घंटों ठप, यात्रियों को भारी परेशानी

गोड्डा, 30 अगस्त 2025।ट्रेन संख्या 18604 गोड्डा-रांची एक्सप्रेस शनिवार को लगातार इंजन फेल होने की वजह से घंटों ठप रही। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, ट्रेन अपने निर्धारित समय पर गोड्डा से रवाना हुई थी। लेकिन हंसडीहा स्टेशन के पास दोपहर करीब 2:50 बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इसके बाद दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को शाम 5:30 बजे फिर से चलाया गया।

करीब तीन घंटे की देरी से ट्रेन हंसडीहा से निकली और शाम 6:10 बजे बाराहाट स्टेशन पहुंची। यहां एक बार फिर ट्रेन का इंजन फेल हो गया। देर रात तक ट्रेन बाराहाट स्टेशन पर ही खड़ी रही।

इस घटना के कारण ट्रेन का भागलपुर पहुंचने का निर्धारित समय (शाम 5:01 बजे) भी प्रभावित हुआ। रेलवे की ओर से इंजन की तकनीकी खराबी दूर करने का प्रयास जारी है।

यात्रियों का कहना है कि बार-बार इंजन फेल होने से सफर असुरक्षित और बेहद कठिन हो गया है। कई यात्रियों ने रेलवे प्रबंधन से इस पर गंभीरता से ध्यान देने और स्थायी समाधान की मांग की है।


 

  • Related Posts