भागलपुर : बैठक में जी रामजी योजना की दी गई विस्तृत जानकारी, मजदूरों को अब 125 दिन मिलेगा रोजगार

भागलपुर: भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड स्थित किसान भवन के सभाकक्ष में जी रामजी योजना को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अनुपम मीनू सिंह ने की। इस दौरान योजना से जुड़े नए नियमों और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को दी गई।

बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य (पंसस) और जीआरएस मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने मनरेगा के स्थान पर अब जी रामजी योजना लागू की है, जिसके तहत ग्रामीण मजदूरों को पहले से अधिक लाभ दिया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि नई योजना के तहत अब मजदूरों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही मजदूरी दर में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां मजदूरों को 255 रुपये प्रतिदिन मिलते थे, वहीं अब यह राशि बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और मजदूरों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। साथ ही योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई।

बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि धान बुआई के मद्देनजर 10 जुलाई से 30 जुलाई तक कार्य बंद रहेगा, ताकि किसान खेती-किसानी के कार्यों पर पूरा ध्यान दे सकें।

इस मौके पर लेखापाल रूपेश झा, कर्मी राहुल कुमार, मुखिया भैरव यादव, चांद आलम, अनिरुद्ध महतो, पंसस सेनापति राय समेत कई जनप्रतिनिधि और कर्मी उपस्थित रहे।

प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अनुपम मीनू सिंह ने कहा कि योजना के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक इसका लाभ पहुंच सके।

  • ये भी पढ़े..

    अवैध शराब कारोबार मामले में पूर्व RJD MLC सुबोध राय पर वैशाली पुलिस का शिकंजा, आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी टीम

    Share Add as a preferred…

    श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने अजगैविनाथ धाम पहुंचे अधिकारी, कई पार्किंग स्थल किए गए चिन्हित

    Share Add as a preferred…