
12,105 किमी लंबाई की सड़कों का होगा पुनर्निर्माण; ग्रामीण संपर्क को मिलेगी नई गति
पटना, 12 मई 2025:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार से रिमोट के माध्यम से ग्रामीण पथ सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस योजना के अंतर्गत 8,716 करोड़ रुपये की लागत से 6,938 ग्रामीण सड़कों (कुल लंबाई: 12,105 किमी) के सुदृढ़ीकरण कार्य शुरू किए गए हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ग्रामीण पथों के दीर्घकालिक रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के अंतर्गत यह नई पहल शुरू की गई है।
ग्रामीण पथों के रखरखाव हेतु दीर्घकालिक योजना
वित्तीय वर्ष 2024-25 में 14,087 पथों (24,482 किमी) के उन्नयन हेतु 21,733 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों को आगामी 7 वर्षों तक मानक अनुरूप सेवा स्तर पर बनाए रखने की योजना है, जिसके अंतर्गत दो बार पुनः कालीकरण (री-सफेसिंग) और आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ग्रामीण कार्य विभाग को बधाई देते हुए कहा,
“हमारा लक्ष्य है कि राज्य के हर कोने से राजधानी पटना तक की दूरी अधिकतम चार घंटे में तय की जा सके। ग्रामीण सड़कों की मजबूती न सिर्फ आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि राज्य की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देगी।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बरसात से पूर्व मरम्मत योग्य सभी ग्रामीण सड़कों की स्थिति सुधारने का कार्य सुनिश्चित किया जाए।
उपलब्धियाँ और भविष्य की दिशा
कार्यक्रम में ग्रामीण कार्य विभाग की उपलब्धियों पर एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई और विभागीय पुस्तिका का विमोचन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
अपर मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया।
उपस्थित गणमान्य अतिथि:
- उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
- उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा
- जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी
- ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी
- मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार
- मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा
- विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत
- अभियंता प्रमुख भगवत राम सहित अन्य वरीय अधिकारी


