दिल्ली में सम्राट चौधरी का मिशन ‘बिहार इंफ्रास्ट्रक्चर’! नितिन गडकरी से करेंगे मुलाकात, 15 हजार करोड़ की सड़क-पुल परियोजनाओं पर होगी बड़ी चर्चा

नई दिल्ली/पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ अहम बैठक करेंगे। बैठक में बिहार की कई बड़ी सड़क, पुल और रेलवे ओवरब्रिज (ROB) परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

15 हजार करोड़ की परियोजनाओं को दिलाने की कोशिश

बैठक का मुख्य फोकस करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क एवं पुल परियोजनाओं को गति देने पर रहेगा। बिहार सरकार इन योजनाओं के लिए केंद्र से वित्तीय स्वीकृति और आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का आग्रह करेगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलने और आवागमन में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।

कई नए रेलवे ओवरब्रिज पर होगी चर्चा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी डुमराव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में प्रस्तावित नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखेंगे। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र से मंजूरी और वित्तीय सहयोग की मांग की जाएगी। इनके निर्माण से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।

अरवल-बिहारशरीफ सड़क परियोजना को मिलेगी प्राथमिकता

बैठक में अरवल-बिहारशरीफ पथ परियोजना को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। यह सड़क दक्षिण और मध्य बिहार के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी, जिससे व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की संभावना है।

बाइपास और कमला नदी पर नए पुलों का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री बेतिया, समस्तीपुर और औरंगाबाद बाइपास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। इन बाइपास के निर्माण से शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लंबी दूरी के वाहनों की आवाजाही आसान बनेगी।

इसके अलावा जयनगर में कमला नदी पर दो नए पुलों के निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा जाएगा। इससे मिथिलांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और सीमावर्ती इलाकों में आवागमन को नई सुविधा मिलेगी।

केंद्र से जल्द मंजूरी की उम्मीद

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बैठक में सभी प्रमुख परियोजनाओं के लिए शीघ्र वित्तीय स्वीकृति और बजट जारी करने का अनुरोध करेंगे, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके। हालांकि यह दौरा मुख्य रूप से विकास परियोजनाओं को लेकर है, लेकिन इस दौरान मुख्यमंत्री की केंद्र सरकार के अन्य वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों से भी मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    पंचायत विकास दिवस पर जीविका दीदियों की जागरूकता रैली, 242 पंचायतों में 14,500 से अधिक महिलाओं ने दिया नशामुक्त बिहार का संदेश

    Share Add as a preferred…

    बीएयू में राष्ट्रीय आम समागम-सह-कार्यशाला का भव्य समापन, 1100 से अधिक किस्मों ने खींचा ध्यान

    Share Add as a preferred…