सरकारी स्कूल में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल: क्लासरूम में डेस्क पर सोते दिखे शिक्षक, वीडियो वायरल; जांच के आदेश

सुपौल: बिहार सरकार सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल का दावा कर रही है, लेकिन सुपौल जिले से सामने आई एक घटना ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्रिवेणीगंज प्रखंड के खोरिया प्राथमिक विद्यालय में दो शिक्षक कथित तौर पर क्लासरूम के अंदर छात्रों की डेस्क-बेंच पर आराम करते नजर आए। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

बच्चों की डेस्क पर सोते दिखे शिक्षक

वायरल तस्वीरों में शिक्षक दिनेश कुमार मंडल और देवेंद्र सरदार क्लासरूम के अंदर बच्चों की डेस्क-बेंच पर पैर फैलाकर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि शिक्षकों को सोता देखकर कई छात्र-छात्राएं अपना बैग लेकर घर लौट गए और कक्षा खाली हो गई, जबकि शिक्षक आराम करते रहे।

अभिभावकों में नाराजगी, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि शिक्षकों की जिम्मेदारी बच्चों को शिक्षा देना और उनका भविष्य संवारना है। यदि शिक्षक ही अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह होंगे तो सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित होगा।

अभिभावकों का यह भी कहना है कि ऐसी घटनाओं से सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है और यही कारण है कि कई परिवार अपने बच्चों का रुख निजी स्कूलों की ओर कर रहे हैं।

पहले मिड-डे मील, अब शिक्षकों की लापरवाही

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में मिड-डे मील खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया था। वह मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब शिक्षकों की कथित लापरवाही की तस्वीरें सामने आने से शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।

140 बच्चों का नामांकन, सात शिक्षक तैनात

जानकारी के मुताबिक, खोरिया प्राथमिक विद्यालय में 140 छात्रों का नामांकन है, जबकि प्रतिदिन करीब 100 बच्चे विद्यालय आते हैं। स्कूल में प्रधानाध्यापक समेत कुल सात शिक्षक कार्यरत हैं।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले पर बीईओ सह बीपीआरओ मनीष कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो विभागीय नियमों के तहत उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    9 साल बाद इंसाफ: प्रेमी के लिए दो मासूम बच्चों को जिंदा जलाने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर उपचुनाव 2026: आज शाम थमेगा चुनाव प्रचार, 30 जुलाई को वोटिंग; BJP-RJD-जन सुराज के बीच हाई-प्रोफाइल मुकाबला

    Share Add as a preferred…