पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा आज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मालदा टाउन, जमालपुर, भागलपुर और साहिबगंज स्टेशनों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विभाजन के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए बलिदानों को नमन करना, उनके साहस और समर्पण को याद करना तथा शांति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना था।
मालदा टाउन स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक, श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्मिक विभाग के माध्यम से किया गया। इसमें श्रीमती अनुपा घोष सहित सभी वरिष्ठ शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री सुकुमार जोदार (जन्म: 1942) द्वारा फीता काटकर किया गया। यह आयोजन प्लेटफार्म संख्या-1, प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय में हुआ, जिसमें स्टेशन अधीक्षक (SS), वाणिज्य निरीक्षक (CMI), रेलवे कर्मचारी और यात्रियों ने सक्रिय भागीदारी की।
भागलपुर स्टेशन पर आरक्षण काउंटर के निकट कार्यक्रम का आयोजन स्टेशन निदेशक, श्री उत्पल शर्मा के पर्यवेक्षण में किया गया। इसमें SS, CMI, रेलवे कर्मचारी, यात्री एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभाजन के समय मानवीय साहस और एकता पर विचार प्रस्तुत किए गए, जिससे सभी को एक प्रेरणादायी और शिक्षाप्रद अनुभव मिला।
जमालपुर स्टेशन पर सीनियर डीएमई (डी/शेड) जमालपुर, श्री कृष्ण कुमार दास के पर्यवेक्षण में आरक्षित लाउंज में कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि श्री बलेश्वर प्रसाद भगत (जन्म: 11.01.1925) सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, यात्री और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभाजन के ऐतिहासिक पलों पर आधारित कहानी सत्र और फोटो प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसने सभी को भावुक और विचारशील बना दिया।
साहिबगंज स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन एएमई साहिबगंज (DEMU & C&W), श्री पवन कुमार सिंह और स्टेशन अधीक्षक श्री राजहंस पाठक के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधानाध्यापक, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, साहिबगंज और श्रीमती चंदा झा, प्रधानाध्यापिका, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, साहिबगंज उपस्थित रहीं। साहिबगंज रेलवे स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने स्काउट्स एवं गाइड्स टीम के साथ मिलकर भाषण, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सभी स्टेशन मास्टर्स, SS, CMI, रेलवे कर्मचारी, अधिकारी, यात्री और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंडल रेल प्रबंधक, मालदा, श्री मनीष कुमार गुप्ता ने कहा,
“विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें उस कठिन समय की याद दिलाता है, जब हजारों शरणार्थी रेल के माध्यम से यात्रा कर रहे थे और असंख्य रेलवे कर्मचारी कठिन और असुरक्षित परिस्थितियों में भी सेवाएं प्रदान कर रहे थे। यह दिन उन सभी के साहस, धैर्य और समर्पण को सम्मानित करने का अवसर है, जिन्होंने उस संकट की घड़ी में लोगों की मदद की। यह हमारे लिए एक जिम्मेदारी भी है कि हम आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांति को बढ़ावा दें और उन बलिदानों को याद रखें, जिन्होंने हमारे राष्ट्र का निर्माण किया।”
मालदा टाउन में कार्यक्रम का समापन स्टेशन परिसर के चार स्थानों पर जन गण मन के सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिसने एकता, गर्व और इतिहास के नायकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि का अद्वितीय संदेश दिया।


