मोहम्मद शमी ने की सीएम योगी से मुलाकात, टेस्ट संन्यास की अफवाहों पर किया खंडन

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया और दोनों के बीच गर्मजोशी से बातचीत हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा कीं। उन्होंने लिखा, “भारतीय क्रिकेट टीम के प्रख्यात गेंदबाज मोहम्मद शमी से आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट हुई।”

शमी की यह मुलाकात उस वक्त हुई है जब टेस्ट क्रिकेट से उनके संन्यास की अफवाहें सुर्खियों में थीं। हाल ही में विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद सोशल मीडिया पर शमी के संन्यास की खबरें फैलने लगी थीं। इन अटकलों को लेकर मोहम्मद शमी ने नाराजगी जताई और इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए अफवाहों का खंडन करते हुए लिखा, “ऐसे लोग ही भविष्य बर्बाद कर देते हैं।”

मोहम्मद शमी वर्तमान में भारत के प्रमुख गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक भारत के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 मैच खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 229 विकेट, वनडे में 206 विकेट और टी20 में 27 विकेट अपने नाम किए हैं। वे हाल ही में समाप्त हुई चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की विजेता भारतीय टीम का भी हिस्सा थे, जिसमें उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

इस समय शमी आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहे हैं। हालांकि, इस सीजन में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है। आईपीएल के बाद शमी और भारतीय टीम जून में इंग्लैंड दौरे पर रवाना होगी, जहां उन्हें पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।


 

  • ये भी पढ़े..

    बिहार की राजनीति में हलचल! पहले वशिष्ठ नारायण सिंह से मिले नीतीश कुमार, फिर पहुंचे JDU कार्यालय; क्या होने वाला है बड़ा फैसला?

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *