
मथुरा/झांसी | 23 जुलाई 2025: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में कार्यरत महिला कांस्टेबल ने झांसी के चिरगांव थाने में तैनात दरोगा रविकांत गोस्वामी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर मथुरा के जमुनापार थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
शादी समारोह के दौरान नशीला पदार्थ देकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि 17 फरवरी 2023 को एक शादी समारोह के दौरान रविकांत गोस्वामी ने उसे गेस्ट हाउस बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि दरोगा ने इस दौरान पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भी बना लिए और उसे ब्लैकमेल कर कई बार शारीरिक शोषण किया।
मुरादाबाद में गैंगरेप का भी आरोप
शिकायत में यह भी बताया गया है कि रविकांत गोस्वामी ने अपने एक साथी दीक्षांत शर्मा के साथ मिलकर मुरादाबाद के एक होटल में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए दरोगा लंबे समय से उसका शोषण कर रहा था।
मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मंगलवार को न्यायालय में उसका बयान दर्ज करा लिया है। जमुनापार थाना प्रभारी अजय किशोर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना शुरू कर दी गई है।
SSP ने की कार्रवाई, बागपत पुलिस भी अलर्ट
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि आरोपों के आधार पर रविकांत गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, आरोपी दरोगा मूल रूप से बागपत के टटीरी गांव का निवासी है। एएसपी बागपत एनपी सिंह ने कहा कि मथुरा पुलिस को जो भी सहयोग चाहिए, बागपत पुलिस हर संभव मदद करेगी।


