
पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव के 16 वर्षीय अभिषेक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के पिता दिनेश कुमार ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पहले भी आरोपियों ने मारपीट की थी और पूरे परिवार को खत्म करने तथा वंश उजाड़ देने की धमकी दी थी।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो एक पेड़ के नीचे अभिषेक का शव पड़ा मिला। उसके गले पर रस्सी के निशान पाए गए, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की मां संगीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि अभिषेक ने हाल ही में मैट्रिक परीक्षा पास की थी और इंटर में नामांकन कराया था। परिवार ने उसके उज्ज्वल भविष्य के सपने देखे थे, लेकिन एक ही झटके में सब कुछ खत्म हो गया।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
मसौढ़ी थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि किशोर के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर जमीन विवाद को लेकर बढ़ते अपराध और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


