पति-पत्नी के विवाद के बाद रेलवे ट्रैक पर पहुंचा पति, ट्रेन की चपेट में आने से मौत

भागलपुर: भागलपुर में घरेलू विवाद के बाद एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच मामूली नोकझोंक के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जान गंवा दी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के सुरखीकल निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनील कुमार पेशे से टोटो चालक थे और परिवार का भरण-पोषण इसी काम से करते थे।

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सुनील कुमार की अपनी पत्नी चंदा देवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद सुनील ने टोटो की चाबी घर में रख दी और पत्नी से कहा कि वह पंजाब जा रहे हैं। हालांकि, वह पंजाब जाने के बजाय सीधे हवाई अड्डा के समीप गोपालपुर पुल के नीचे पहुंच गए।

मृतक के भाई विपीन कुमार ने बताया कि सुनील काफी गुस्से में थे और काफी देर तक रेलवे ट्रैक के पास बैठे रहे। वहां कोई रेलवे स्टेशन नहीं होने के बावजूद वह ट्रेन का इंतजार करते रहे। इसी दौरान जैसे ही ट्रेन वहां से गुजरी, सुनील ट्रैक पर आ गए और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पुलिस को भी दी गई। पहले सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र में होने की बात सामने आई। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद संबंधित थाना पुलिस करीब दो घंटे की देरी से मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुनील कुमार अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के मामलों में समय रहते परामर्श और पारिवारिक सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    अवैध शराब कारोबार मामले में पूर्व RJD MLC सुबोध राय पर वैशाली पुलिस का शिकंजा, आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी टीम

    Share Add as a preferred…

    श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने अजगैविनाथ धाम पहुंचे अधिकारी, कई पार्किंग स्थल किए गए चिन्हित

    Share Add as a preferred…