बिहटा (पटना)। रविवार देर रात पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा परेव लेखन टोला पुल के पास रात करीब 2 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।
टेंपो के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इस तरह मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
उर्स मेला देखकर लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार, टेंपो सवार सभी लोग मनेर में लगे उर्स मेले को देखकर भोजपुर जिले के अपने गांव लौट रहे थे। तभी परेव लेखन टोला पुल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को सीधी टक्कर मार दी।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।
गांव में पसरा मातम
मृतक सभी भोजपुर जिले के आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। एक साथ छह लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
क्या बोले थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया,
“रविवार रात करीब 2 बजे परेव लेखन टोला पुल के पास ट्रक-टेंपो की टक्कर की सूचना मिली थी। मौके पर पांच की मौत हो चुकी थी, तीन घायल थे। एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो का इलाज पटना में चल रहा है। मामले की जांच जारी है।”


