
बिहार के औरंगाबाद जिले में रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भवानी होटल के समीप एक टूरिस्ट बस और ट्रक-ट्रेलर के बीच हुई भीषण टक्कर में आंध्र प्रदेश के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश से लगभग 40 श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सभी यात्री बोधगया में दर्शन-पूजन करने के बाद वाराणसी (काशी) जा रहे थे। इसी दौरान रविवार रात करीब 12 बजे भेड़िया और देव मोड़ के बीच उनकी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि बस चालक ने आगे चल रहे ट्रक-ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी जोरदार टक्कर हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले निवासी 50 वर्षीय हजरतया, 43 वर्षीय फातमावती और 64 वर्षीय पशुलेट वेंकटेश की मौत हो गई। वहीं घायल यात्रियों में सुभनमा, नरेंद्र रेड्डी, प्रसाद समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 7 से 8 यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सभी घायलों को पहले औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पार्षद अनिल यादव भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक-ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारण कुछ समय तक एनएच-19 पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग सहित सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


