
भागलपुर, 23 जुलाई: राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देशानुसार भागलपुर में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के लोकार्पण एवं शुभारंभ के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से किया, जिसमें भागलपुर जिला वर्चुअल माध्यम से शामिल हुआ। भागलपुर में कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर ने फीता काटकर किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राज्य सरकार की पहल के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए कई नई सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। इनमें जिला अस्पतालों में आईसीयू एवं वेंटिलेटर युक्त गहन चिकित्सा इकाइयों का शुभारंभ, प्रमंडलीय मुख्यालय जिलों में लोक-निजी सहभागिता (PPP) मॉडल के तहत हब एंड स्पोक पैथोलॉजी सेवाओं की शुरुआत तथा राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवाओं का विस्तार शामिल है।
गंभीर मरीजों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध होगा। इससे अन्य शहरों के अस्पतालों में रेफर किए जाने की आवश्यकता भी कम होगी और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण और जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।
(यह समाचार जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)


