जहानाबाद में गवाह की हत्या के बाद बवाल, NH-22 जाम; थाना प्रभारी निलंबित

जहानाबाद जिले में एक पुराने हत्याकांड के गवाह की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22) को जाम कर दिया। कई घंटों तक चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भेलावर थाना प्रभारी रंजीत कुमार को निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, भेलावर थाना क्षेत्र के जलालपुर ईंट भट्ठा के समीप रविवार देर शाम निसरपुरा गांव निवासी 45 वर्षीय मुन्ना कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मुन्ना कुमार को पहले सदर अस्पताल और बाद में पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सोमवार सुबह मौत की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने टेहटा के पास NH-22 को जाम कर दिया और शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

परिजनों का आरोप है कि मुन्ना कुमार उनके भतीजे शिवम कुमार हत्याकांड के महत्वपूर्ण गवाह थे। शिवम की हत्या 15 मई को हुई थी। परिवार का कहना है कि मुन्ना कुमार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान, एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी समेत कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने भेलावर थाना प्रभारी रंजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार: पशु अस्पताल के चपरासी के घर मिला करोड़ों का साम्राज्य, 34 प्लॉट और महिंद्रा थार समेत अकूत संपत्ति बरामद

    Share Add as a preferred…

    देश के सबसे चर्चित NEET पेपर लीक मामले में बड़ा मोड़, CBI ने संजीव मुखिया को दी राहत

    Share Add as a preferred…