मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिक्रम लॉक कैनाल बैंक सौर ऊर्जा परियोजना का किया उद्घाटन

पटना, 4 जून 2025।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना जिला अंतर्गत बिक्रम लॉक कैनाल बैंक सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने परियोजना परिसर का निरीक्षण किया और इसकी कार्य प्रणाली एवं प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी ली।

हरित ऊर्जा की दिशा में एक और बड़ा कदम

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिक्रम लॉक के पास मुख्य नहर के किनारे 2 मेगावाट क्षमता वाली इस सौर ऊर्जा परियोजना का निर्माण कराया गया है। खास बात यह है कि परियोजना में राज्य सरकार का कोई सीधा वित्तीय व्यय नहीं हुआ है।

ऊर्जा विभाग द्वारा निजी कंपनी के साथ 25 वर्षों के लिए करार किया गया है, जिसके अंतर्गत 3.10 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बिक्रम और आसपास के ग्रामीण इलाकों को सस्ती, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने दी आगे और संयंत्र लगाने की घोषणा

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत नहरों, तटबंधों, बांधों और नदी किनारे खाली ज़मीनों का सर्वे कराकर सौर ऊर्जा संयंत्र लगवा रही है। इससे पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी और स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा, “राज्य में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त और सुलभ बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। हर घर बिजली पहुँच चुकी है और अब हमारा लक्ष्य सस्ती, निर्बाध और प्रदूषण रहित बिजली उपलब्ध कराना है।”

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर ऊर्जा विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने राज्यभर की सौर ऊर्जा परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


 

  • ये भी पढ़े..

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *