भागलपुर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भागलपुर पहुंचे संजय सरावगी अपने दौरे के दूसरे दिन धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।
दौरे की शुरुआत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भागलपुर के प्रसिद्ध बाबा बूढ़ानाथ मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। पूजा के उपरांत उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद संजय सरावगी भागलपुर गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गौ-पूजन किया। इस अवसर पर उनका तुलादान भी किया गया, जिसमें उनके वजन के बराबर गायों के चारे एवं भोजन सामग्री का दान किया गया। उन्होंने गौशाला परिसर में गायों को चारा खिलाया और गौसेवा को भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा बताया।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलने के पीछे पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण का बड़ा योगदान है। इसी के तहत वे प्रदेशभर में यात्रा कर पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद और सम्मान कर रहे हैं।
इसी दौरान उन्होंने एक अहम बयान देते हुए कहा कि भागलपुर सहित पूरे बिहार में कई स्थानों पर गौशालाओं की जमीन पर अतिक्रमण की समस्या सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पहले भी अतिक्रमण हटाने की दिशा में काम कर रही थी और आने वाले समय में गौशालाओं की अतिक्रमित जमीन को खाली कराया जाएगा।
बाइट – संजय सरावगी, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
“गौशालाओं की जमीन पर जहां-जहां अतिक्रमण है, उसे हटाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। गौशालाओं की सुरक्षा और संरक्षण हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने कहा कि गौशालाएं केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। सरकार इनकी सुरक्षा, विकास और संरक्षण के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया।


