
भागलपुर, भागलपुर जिले के युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक बड़ा अवसर सामने आया है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग द्वारा 15 जनवरी को भागलपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर स्कूल परिसर में एक दिवसीय नियोजन मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य स्थानीय एवं राज्य स्तर पर युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
जानकारी के अनुसार, इस एक दिवसीय नियोजन मेले में बिहार राज्य के सभी जिलों से तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। मेले में निजी क्षेत्र की कई नामी कंपनियां शामिल होंगी, जो अपनी आवश्यकताओं के अनुसार योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी।
नियोजन मेला को लेकर लेबर कोर्ट परिसर में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारियों ने मेले से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह मेला पूरी तरह निःशुल्क होगा और इसमें भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अधिकारियों ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में नियोजन मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने युवाओं को दलालों और एजेंटों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि अभ्यर्थी सीधे कंपनियों के प्रतिनिधियों से संपर्क करें।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि नियोजन मेले के दौरान चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और रोजगार की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह नियोजन मेला बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे जिले के साथ-साथ पूरे राज्य के युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।


