भागलपुर में गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 40 सेमी बढ़ा, गोपालपुर में भी 30 सेमी की बढ़ोतरी; तटबंधों पर बढ़ी निगरानी

भागलपुर: बिहार में लगातार हो रही बारिश के बीच गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग के शनिवार शाम जारी बुलेटिन के अनुसार, भागलपुर में गंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 40 सेंटीमीटर बढ़ा है, जबकि गोपालपुर क्षेत्र में गंगा का जलस्तर 30 सेंटीमीटर बढ़ने की सूचना है। हालांकि दोनों स्थानों पर नदी अभी चेतावनी स्तर से नीचे बह रही है, लेकिन प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

बिहार के कई गेज स्टेशनों पर बढ़ा जलस्तर

जल संसाधन विभाग के अनुसार, गंगा के जलस्तर में बिहार के अधिकांश गेज स्टेशनों पर वृद्धि दर्ज की गई है। प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं—

  • बक्सर : 52 सेमी वृद्धि
  • दीघा : 12 सेमी वृद्धि
  • गांधी घाट : 10 सेमी वृद्धि
  • हाथीदह : 21 सेमी वृद्धि
  • मुंगेर : 48 सेमी वृद्धि
  • भागलपुर : 40 सेमी वृद्धि
  • कहलगांव : 39 सेमी वृद्धि

वहीं, कोसी नदी में सुपौल के बसुआ में 2 सेमी की गिरावट दर्ज की गई, जबकि खगड़िया के बलतारा में 6 सेमी और कुरसेला में 18 सेमी की बढ़ोतरी हुई है।

गोपालपुर में 30 सेमी बढ़ा गंगा का जलस्तर

बाढ़ नियंत्रण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस्माइलपुर-बिंदटोली तटबंध के स्पर संख्या-7 के पास गंगा का जलस्तर 28.22 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 30 सेंटीमीटर बढ़ा है। जलस्तर अभी 30.60 मीटर के चेतावनी स्तर और 31.60 मीटर के खतरे के निशान से नीचे है। अधिकारियों ने फिलहाल स्थिति को सामान्य बताया है, लेकिन तटबंधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

कटाव रोकने की तैयारी तेज

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संभावित कटाव वाले इलाकों में बालू से भरी बोरियां (फ्लड फाइटिंग पैकेट्स) उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वीप (SWC) बीडीओ नीतीश कुमार ने बताया कि रविवार को कटाव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाएगा और रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। वहीं, एसडीओ दिव्या कुमारी ने कहा कि पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

  • ये भी पढ़े..

    बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना का लोकार्पण, मुख्यमंत्री बोले- किसानों और बाढ़ प्रबंधन को मिलेगा बड़ा लाभ

    Share Add as a preferred…