बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना का लोकार्पण, मुख्यमंत्री बोले- किसानों और बाढ़ प्रबंधन को मिलेगा बड़ा लाभ

शिवहर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड में बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ (River Interlinking) परियोजना के तहत बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ने के सपने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

130.88 करोड़ रुपये की लागत से बना 68.80 किमी लंबा लिंक चैनल

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 130.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 68.80 किलोमीटर लंबे बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल के माध्यम से बागमती नदी के अतिरिक्त जल को बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाया जाएगा। इससे बाढ़ प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और सिंचाई व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा।

बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई क्षमता में होगा सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के शुरू होने से बाढ़ के समय अतिरिक्त जल का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, जिससे बाढ़ की तीव्रता कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना से मत्स्य पालन सहित अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा भू-जल पुनर्भरण, हरित आवरण में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

200 करोड़ रुपये की 40 विकास योजनाओं की सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन तथा 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जीविका, उद्योग, कृषि, शिक्षा विभाग तथा बिहार पुलिस के स्टॉलों का निरीक्षण किया और शिवहर जिले के 4,550 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 25 करोड़ 35 लाख रुपये का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया।

जल संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार जल संसाधनों के वैज्ञानिक एवं समग्र प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण और किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नदी जोड़ परियोजनाएं विकसित बिहार के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगी और राज्य के सतत विकास का मजबूत आधार बनेंगी।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, समाज कल्याण मंत्री डॉ. रेणु देवी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लक्ष्मेंद्र कुमार रोशन, सांसद लवली आनंद, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक अमित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

  • ये भी पढ़े..

    नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो हथियार और 31 कारतूस के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    प्रथम पंच ग्राममाता सोनिया देवी की पुण्यतिथि पर संतमत सत्संग, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था

    Share Add as a preferred…