
भागलपुर: बिहार सरकार की गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक विद्यालयी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से भागलपुर जिले के सभी 17 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का शुभारंभ किया। जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी की उपस्थिति में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया।
जिले के सभी प्रखंडों में शुरू हुए मॉडल स्कूल
इस योजना के तहत भागलपुर जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मॉडल स्कूल का चयन किया गया है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
शुभारंभ किए गए 17 विद्यालयों में जगदीशपुर, नाथनगर, सबौर, शाहकुंड, सुल्तानगंज, गोराडीह, कहलगांव, पीरपैंती, सन्हौला, खरीक, बिहपुर, गोपालपुर, इस्माइलपुर, नारायणपुर, नवगछिया, रंगरा चौक तथा नगर निगम क्षेत्र का प्लस-टू जिला स्कूल शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन समारोह में सहभागिता
भागलपुर में मुख्य कार्यक्रम पी. झा उच्च विद्यालय, बैजानी परिसर में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया तथा विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
आधुनिक शिक्षा और तकनीक आधारित शिक्षण पर जोर
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि मॉडल स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धति और समग्र व्यक्तित्व विकास का बेहतर अवसर प्रदान करेंगे। इन विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधनों की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी शिक्षा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है तथा ये मॉडल स्कूल नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विद्यार्थियों और अभिभावकों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों के विकास पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ स्वागत
उद्घाटन समारोह के दौरान सभी मॉडल स्कूलों में स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
भागलपुर जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि जिले के सभी 17 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र बनेंगे और विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देंगे।


