
भागलपुर।भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहद्दीनगर में गुरुवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक मिठाई दुकानदार पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहद्दीनगर स्थित मिठाई दुकान में पांचू उर्फ अनिल नामक दुकानदार अपनी दुकान में मौजूद था। इसी दौरान दो अज्ञात अपराधी दुकान के अंदर घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली दुकानदार को नहीं लगी, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में अपराधियों की हरकतें साफ देखी जा सकती हैं। पुलिस ने फुटेज जब्त कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
मौके से एक खोखा बरामद
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
दुकानदार सदमे में, मोहल्ले में दहशत
घटना के बाद मिठाई दुकानदार पांचू उर्फ अनिल गहरे सदमे में है। वहीं, पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और मामले का खुलासा किया जाएगा।


