
भागलपुर/पीरपैंती: मेहनत, लगन और अटूट आत्मविश्वास के दम पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इसका जीवंत उदाहरण भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत महादेव टीकर गांव के रहने वाले अभिषेक कुमार ने पेश किया है। उन्होंने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए अंचल अधिकारी (Circle Officer-CO) के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में उत्सव जैसा माहौल है और लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

अभिषेक कुमार, अशोक यादव के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव एवं आसपास के विद्यालयों में हुई। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2014 से 2018 के बीच भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी। अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा भी उत्तीर्ण की और एक माह का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद अभिषेक कुमार का चयन भारतीय रेलवे में जूनियर इंजीनियर (JE) के पद पर हुआ, जहां उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) के इलेक्ट्रिकल विभाग में भी जूनियर इंजीनियर के रूप में कार्य किया। सरकारी नौकरी में रहते हुए भी उन्होंने अपने प्रशासनिक सेवा में जाने के लक्ष्य को कभी नहीं छोड़ा और निरंतर तैयारी जारी रखी।
कई चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अभिषेक कुमार ने हार नहीं मानी। लगातार अध्ययन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने बीपीएससी परीक्षा के चौथे प्रयास में सफलता हासिल कर अंचल अधिकारी बनने का सपना साकार किया। उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
अभिषेक कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी माता, जो एक शिक्षिका हैं, तथा चाचा, जो शिक्षक हैं, ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया और कठिन समय में उनका मनोबल बढ़ाया। परिवार के सहयोग और शिक्षकों के प्रेरणादायक मार्गदर्शन ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभिषेक की इस उपलब्धि से महादेव टीकर गांव ही नहीं, बल्कि पूरे पीरपैंती क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर प्रशासनिक सेवा जैसे प्रतिष्ठित पद तक पहुंचा जा सकता है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को नई ऊर्जा देगी।

अभिषेक कुमार के चयन की खबर मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस दौरान पीरपैंती के पूर्व राजद विधायक रामविलास पासवान, कहलगांव जिला परिषद सदस्य जनार्दन आजाद, पीरपैंती राजद के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी रमेश रमन, समाजसेवी लव यादव सहित गांव के कई गणमान्य लोग उनके घर पहुंचे। सभी ने अभिषेक कुमार को फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशासनिक कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

ग्रामीणों ने कहा कि अभिषेक कुमार की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उम्मीद जताई गई कि वे एक ईमानदार, संवेदनशील और जनहितैषी अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आम लोगों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


