पुलिस को धमकी देना पड़ा भारी? भरत तिवारी एनकाउंटर केस में अब नई एंट्री! पुलिस की नजर इस शख्स पर

आरा: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कथित भड़काऊ पोस्ट और धमकियां देने वाले एक व्यक्ति पर भोजपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। वहीं, दूसरी ओर भरत तिवारी न्याय संघर्ष मोर्चा ने 17 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन का ऐलान किया है।

सोशल मीडिया पर धमकी देने का आरोप

भोजपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी दीपक दीक्षित उर्फ पंडित पर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी बिना किसी सत्यापित आधार के पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है तथा अधिकारियों के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।

एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू

पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा साझा किए गए वीडियो, ऑडियो और अन्य डिजिटल सामग्री की तकनीकी एवं विधिक जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में छेड़छाड़, दुष्कर्म, अश्लील सामग्री प्रसारित करने तथा जान से मारने की धमकी जैसे मामलों में केस दर्ज हैं।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

17 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

इधर, भरत तिवारी मामले में न्याय की मांग को लेकर आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया गया है। 17 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना और श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की घोषणा की गई है।

सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अनिल मिश्रा ने कहा कि देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने मांग की कि मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच की निगरानी किसी वर्तमान न्यायाधीश की देखरेख में हो। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

राष्ट्रीय स्तर पर चलेगा आंदोलन

वीर शहीद भरत तिवारी न्याय संघर्ष मोर्चा के संयोजक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सरकार को कार्रवाई के लिए समय दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसलिए आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का फैसला लिया गया है।

उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह संवैधानिक और शांतिपूर्ण रहेगा। इसके लिए 18 समितियों का गठन किया गया है, जबकि 21 अधिवक्ताओं की एक कानूनी समिति भी बनाई गई है। भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी को समिति का उप-संयोजक बनाया गया है।

भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर एक ओर पुलिस सोशल मीडिया पर कथित धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर न्यायिक जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन भी तेज होता दिखाई दे रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    खगड़िया में मिड-डे मील खाने के बाद 25 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, खराब चावल और कीड़े लगे सोयाबीन का आरोप; जांच शुरू

    Share Add as a preferred…

    1 जुलाई को बिहार विधान परिषद में नए दौर की शुरुआत, पवन सिंह और निशांत कुमार समेत 10 नवनिर्वाचित MLC लेंगे शपथ

    Share Add as a preferred…