
भागलपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” अभियान के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरारी (बबरगंज) थाना क्षेत्र के चौधरीडीह इलाके में छापेमारी की गई।
घर से 42.56 ग्राम, दुकान से 16.05 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस टीम ने एक विधि-विरुद्ध बालक के घर से 42.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर उसे निरुद्ध किया। इसके बाद आरोपी राजा यादव की दुकान पर छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया। तलाशी के दौरान दुकान से 16.05 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर जब्त की गई। दोनों जगहों से कुल 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि विधि-विरुद्ध बालक से पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल आरोपी राजा यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
विशेष अभियान के तहत लगातार हो रही कार्रवाई
भागलपुर पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।


