ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, SSB जवानों की छुट्टियाँ रद्द

सुपौल/सीतामढ़ी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में की गई कड़ी कार्रवाई — ‘ऑपरेशन सिंदूर’ — के बाद अब भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और SSB (सशस्त्र सीमा बल) के सभी जवानों की छुट्टियाँ तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।

एसएसबी के अनुसार, सुपौल, अररिया, मधुबनी, सीतामढ़ी और पश्चिम चंपारण जैसे सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। सीमाओं पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है और डॉग स्क्वॉड, मेटल डिटेक्टर और विशेष दस्तों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की सघन तलाशी ली जा रही है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’: आतंक के खिलाफ निर्णायक संदेश

भारतीय सेना ने मंगलवार देर रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पीओके में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमला कर उन्हें ध्वस्त कर दिया। यह ऑपरेशन भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति का प्रतीक बनकर उभरा है। इसी के बाद नेपाल बॉर्डर सहित देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।

भीमनगर सीमा पर सख्त जांच

सुपौल जिले के भीमनगर बॉर्डर पर एसएसबी की 45वीं बटालियन के जवान दिन-रात निगरानी में जुटे हैं। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की वैध पहचान पत्र के साथ गहन जांच की जा रही है। चारपहिया वाहनों की बोनट, डिग्गी और सीट कवर तक की जांच की जा रही है। बिना पहचान पत्र के किसी को भी सीमा पार करने की अनुमति नहीं है।

कमांडेंट गौरव सिंह का बयान

SSB 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा, “सीमा पर चौकसी को बढ़ा दिया गया है और हालात असामान्य हैं। आतंकियों की किसी भी घुसपैठ को रोकने के लिए हर संभावित मार्ग पर विशेष नाके बनाए गए हैं।”

उन्होंने बताया कि भारत और नेपाल के अलावा किसी तीसरे देश के नागरिकों को सीमा में प्रवेश नहीं देने की सख्त नीति पर काम किया जा रहा है। छुट्टी पर गए सभी जवानों को ड्यूटी पर वापस बुला लिया गया है और उन्हें रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है।

स्थानीय नागरिकों का समर्थन

सीमा पार कर नेपाल जाने वाले नागरिक राहुल कुमार ने कहा, “एसएसबी की यह सतर्कता हमारी सुरक्षा के लिए है। इससे हम खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को रोकने के लिए यह जरूरी है।”

हाई अलर्ट पर एसएसबी जवान

एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक राम लाल ने बताया, “देश इस समय हाई अलर्ट पर है। हमें 24 घंटे चेक पोस्ट और नाकों पर तैनात रहने के निर्देश मिले हैं। हम हर दिशा में कड़ी निगरानी रख रहे हैं और किसी भी तरह की चूक नहीं होने देंगे।”

  • ये भी पढ़े..

    एलडीपी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों को मिला नया ड्रेस सेट, अनुशासन और मेहनत को बताया सफलता की कुंजी

    Share Add as a preferred…

    डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह विवाद पर स्वास्थ्य विभाग का जवाब, जांच कमिटी गठित कर कार्रवाई की तैयारी

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *