भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘Pitch Deck Preparation’ पर कार्यशाला, 200 से अधिक युवाओं ने सीखे स्टार्टअप के गुर

भागलपुर, 27 जुलाई 2026: भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय (BCE) के स्टार्टअप सेल द्वारा “Pitch Deck Preparation” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं और भावी उद्यमियों को प्रभावी पिच डेक तैयार करने, स्टार्टअप इकोसिस्टम, सरकारी योजनाओं, डिजिटल भुगतान प्रणाली और इन्क्यूबेशन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त (DDC) रवि राकेश ने युवाओं से नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर युवा स्वरोजगार के साथ-साथ रोजगार सृजनकर्ता भी बन सकते हैं।

जिला उद्योग केंद्र (DIC) भागलपुर के महाप्रबंधक राकेश कुमार ने स्टार्टअप प्रोत्साहन योजनाओं, औद्योगिक विकास, वित्तीय सहायता और उद्यम स्थापना की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला उद्योग केंद्र युवाओं को उद्यम शुरू करने में हरसंभव सहयोग प्रदान कर रहा है। इस अवसर पर औद्योगिक विस्तार पदाधिकारी श्याम प्रकाश भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं Sabgikothi के संस्थापक निक्की कुमार झा ने प्रभावी पिच डेक तैयार करने की तकनीक, बिजनेस मॉडल, समस्या एवं समाधान की प्रस्तुति, वित्तीय योजना और निवेशकों को आकर्षित करने के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत सत्र लिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बिमलेश कुमार ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने संस्थान में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने और उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।

स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. प्रभाकर कुमार ने SAYUJ Platform पर विशेष सत्र का संचालन करते हुए उद्योग-शिक्षा सहयोग, स्टार्टअप नेटवर्किंग, रोजगार के अवसर और प्रतिभा विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

वहीं, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की स्टार्टअप समन्वयक मेघा कुमारी ने Startup & Incubation विषय पर व्याख्यान देते हुए स्टार्टअप की अवधारणा, प्री-इन्क्यूबेशन, इन्क्यूबेशन, मेंटरशिप, सरकारी सहायता और व्यवसाय विकास की विस्तृत जानकारी साझा की।

जिला स्टार्टअप सेल समन्वयक अभिषेक कुमार ने कार्यक्रम का समन्वय करते हुए Razorpay Rize Programme पर प्रस्तुति दी। उन्होंने डिजिटल भुगतान, पेमेंट गेटवे, ऑनलाइन व्यवसाय संचालन और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रतिभागियों को जानकारी दी।

कार्यशाला में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं, स्टार्टअप उत्साही युवाओं और विभिन्न तकनीकी संस्थानों के शिक्षकों ने भाग लिया। इसमें भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक भागलपुर, गवर्नमेंट आईटीआई भागलपुर और गवर्नमेंट विमेंस आईटीआई भागलपुर के विद्यार्थी एवं संकाय सदस्य शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, अधिकारियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी उद्यमिता, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

  • ये भी पढ़े..

    सरकारी स्कूल में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल: क्लासरूम में डेस्क पर सोते दिखे शिक्षक, वीडियो वायरल; जांच के आदेश

    Share Add as a preferred…

    बेलागंज विधायक के बेटे रॉकी यादव को माओवादियों की धमकी, 5% लेवी मांगी; नहीं देने पर ‘फौजी हमला’ की चेतावनी, SIT गठित

    Share Add as a preferred…