
भागलपुर | भागलपुर के इशाकचक थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली ठगी की वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने साधु का वेश धारण कर एक महिला को झांसे में लिया और उसके गले की सोने की चैन लेकर फरार हो गया। घटना गुरुवार सुबह की है, जब पीड़िता रोजाना की तरह सैनडिस कंपाउंड में मॉर्निंग वॉक पर गई थीं।
महिला के अनुसार, टहलने के दौरान एक युवक साधु के भेष में उनके पास आया और रहस्यमयी अंदाज़ में बात करने लगा। उसने कहा, “आपके घर बड़ा संकट आने वाला है। अगर आप मेरी बात नहीं मानेंगी, तो अनहोनी हो सकती है।” महिला घबरा गई। जब उसने उपाय पूछा, तो ठग ने कहा, “अपने गले की चैन निकालकर मुझे दो, मैं उस पर मंत्र फूंककर संकट को टाल दूंगा।”
डरी-सहमी महिला ने जैसे ही गले की सोने की चैन उतारी और उस ठग को दी, वह मौका देखते ही वहां से तेज़ी से भाग गया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही वह आंखों से ओझल हो चुका था।
घटना से सदमे में आई महिला किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने तुरंत इशाकचक थाना को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान और ठिकाने की तलाश की जा रही है।
पुलिस की अपील:
इशाकचक थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी अजनबी या बाबा/साधु जैसे दिखने वाले व्यक्ति से सावधान रहें। अंधविश्वास और डर के आधार पर कोई भी निजी वस्तु न सौंपें। ऐसी घटनाएं ठगी का हिस्सा होती हैं।


