
सुल्तानगंज, भागलपुर | 2 अगस्त 2025: श्रावणी मेला के 23वें दिन शनिवार को मालदा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे और कांवर यात्रा के दौरान स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपने सैलून से पहुंचे डीआरएम ने स्टेशन परिसर, शौचालय, पेयजल, कांवरिया सहायता शिविर तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में फैली गंदगी देखकर डीआरएम ने मौजूद रेल अधिकारियों को फटकार लगाई और साफ-सफाई में तुरंत सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में लाखों कांवरिये सुल्तानगंज पहुंचते हैं, ऐसे में स्वच्छता और सुविधा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बांका सांसद के प्रतिनिधि पवन केसान और स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य विकास कुमार कर्ण ने डीआरएम को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और यात्रियों की सुविधा के लिए कई मांगें रखीं। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव, डीलक्स शौचालय की व्यवस्था, स्टेशन के दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने के लिए पुल निर्माण, और स्टेशन परिसर तक बेहतर पहुंच मार्ग की व्यवस्था शामिल थी।
डीआरएम ने क्या कहा:
मीडिया से बातचीत में डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि स्टेशन क्षेत्र में ज़मीन की कमी के कारण कई कार्य लंबित हैं, लेकिन यदि बिहार सरकार ज़मीन उपलब्ध कराती है तो यात्री शेड, डीलक्स शौचालय जैसे निर्माण शीघ्र किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव तैयार कर मंत्रालय को भेजा जाएगा, साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर 3 को भी जल्द चालू किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई सभी मांगों पर विभाग गंभीरता से विचार कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद प्रमुख लोग:
निरीक्षण के दौरान अजगैबीनाथ पश्चिमी भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार, स्टेशन मास्टर गिरीश कुमार सिंह, आरपीएफ, जीआरपी के पदाधिकारी और रेल विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।


