‘कॉकरोच’ कहने का जवाब सड़क पर! CJP आंदोलन ने दिल्ली की सियासत में मचाई हलचल

NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए विरोध मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। एक ओर विपक्ष केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगा रहा है, तो दूसरी ओर केंद्र सरकार का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र संसद की ओर बढ़े, लेकिन सुरक्षा कारणों से दिल्ली पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद कई जगहों पर धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद देशभर में छात्रों के आंदोलन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर आंदोलन से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिन पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

इधर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी छात्रों के समर्थन में अनशन पर हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर मामला दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंचा, जहां बेहतर इलाज और मेडिकल निगरानी को लेकर सुनवाई हुई।

उधर, विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाया है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी नेताओं ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए सरकार से जवाब मांगा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से संदेश दिया गया है कि पेपर लीक राष्ट्रीय चिंता का विषय है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि संसद क्षेत्र में पहले से सुरक्षा प्रतिबंध लागू थे। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पथराव और हिंसा की घटनाओं की जांच की जा रही है। मामले में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं और सीसीटीवी, ड्रोन फुटेज तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत का कोई रास्ता निकलता है या नहीं। फिलहाल जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है और शिक्षा व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ चुका है।

  • ये भी पढ़े..

    मछली उत्पादन को मिलेगी नई उड़ान: बिहार सरकार बनाएगी जलकृषि आधारभूत संरचना विकास निगम

    Share Add as a preferred…

    जीविका के 2,446 नवनियुक्त कर्मियों को मिला नियुक्ति पत्र, मंत्री बोले- महिला रोजगार योजना लागू करने वाला पहला राज्य है बिहार

    Share Add as a preferred…