
अररिया: अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय शिवनगर डहरिया में प्रधान शिक्षक के कार्यालय में कथित रूप से शराब की बोतल रखे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बोतल को जब्त कर जांच शुरू कर दी। प्रधान शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को विद्यालय परिसर स्थित प्रधान शिक्षक के कार्यालय में प्रधान शिक्षक कुर्सी पर बैठे थे, जबकि उनके सामने टेबल पर एक शराब की बोतल रखी दिखाई दे रही थी। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने बोतल जब्त कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल-112 और रानीगंज थाना पुलिस विद्यालय पहुंची। पुलिस ने टेबल पर रखी शराब की बोतल जब्त कर ली और मामले की जांच शुरू कर दी। इसके बाद प्रधान शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रधान शिक्षक ने आरोपों से किया इनकार
प्रधान शिक्षक संजय कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


