
भागलपुर: तिलकामांझी थाना क्षेत्र में चर्चित बिल्डर बजरंगी कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बिल्डर की हत्या उसकी प्रेमिका सीमा कुमारी ने की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद कर लिया है।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी प्रेमिका की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दबिया, खून लगे कपड़े और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बिल्डर बजरंगी कुमार के साथ लंबे समय से संबंध था। शुरुआती जांच के अनुसार दोनों के बीच किसी निजी विवाद को लेकर तनाव चल रहा था। घटना वाली रात विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर बजरंगी की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी।
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी खुद को बचाने के लिए भागलपुर से निकलकर झारखंड के गोड्डा होते हुए पीरपैंती पहुंच गई थी। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से जमीन एग्रीमेंट से जुड़े दस्तावेज, पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड, हेलमेट, बैग, स्टांप पेपर, क्रेडिट कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल फोन समेत कई अहम सामान बरामद किए गए हैं। साथ ही 78,850 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
मृतक की पत्नी के बयान पर तिलकामांझी थाना में मामला दर्ज किया गया है। पत्नी ने पुलिस को बताया था कि बजरंगी अपने सहयोगियों के साथ बिल्डर का काम करते थे और घटना से पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे।
एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई थी, जिसने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने कहा है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हत्या के पीछे केवल व्यक्तिगत विवाद था या कोई और कारण भी शामिल है।


