भागलपुर : युवती की संदिग्ध मौत पर परिजनों का हंगामा, हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग

भागलपुर: मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान फातमा उर्फ नाजिया के रूप में हुई है। मामले को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, युवती 30 जून को मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद अगले दिन सूचना मिली कि एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ है। सदर अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान फातमा उर्फ नाजिया के रूप में की।

मृतका की नानी मुस्सा बीबी ने आरोप लगाया कि उनकी नातिन जिन कपड़ों में घर से निकली थी, शव मिलने के समय वे कपड़े बदले हुए थे। इस वजह से परिजनों का शक और गहरा गया है।

परिजनों ने बताया कि जब डॉक्टरों के सामने शव देखा गया, तब युवती के शरीर पर कई संदिग्ध निशान मिले। उसके सीने पर दांत काटने के निशान, नाखून के खरोंच, तथा चेहरे और गाल पर चोट के निशान पाए गए। इन चोटों को देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।

मामले में एक और बड़ा सवाल उस हस्तलिखित नोट को लेकर उठ रहा है, जो पुलिस को मिला है। पुलिस के अनुसार नोट में घर से निकलने के बाद अलग-अलग समय पर विभिन्न स्थानों पर होने का उल्लेख किया गया है। परिजनों ने नोट की सत्यता पर सवाल उठाते हुए इसकी फॉरेंसिक जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार युवती मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि उसका शव तिलकामांझी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला था। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजन पहले मोजाहिदपुर थाना पहुंचे, लेकिन मामला तिलकामांझी थाना क्षेत्र का होने के कारण उन्हें वहां जाने को कहा गया। अब परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—हत्या, आत्महत्या या किसी साजिश—को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

  • ये भी पढ़े..

    13 दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में फंसे रिटायर्ड प्रोफेसर, साइबर ठगों ने 82.53 लाख रुपये उड़ाए

    Share Add as a preferred…