लालू-राबड़ी को फिर मिली Z+ सुरक्षा, सम्राट सरकार ने बहाल की बुलेटप्रूफ गाड़ी की सुविधा

पटना: बिहार सरकार ने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने दोनों नेताओं की Z+ श्रेणी की सुरक्षा दोबारा बहाल करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उन्हें फिर से बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में गृह विभाग का औपचारिक आदेश शनिवार को जारी होने की संभावना है।

4 जून को हटाई गई थी सुरक्षा

गौरतलब है कि 4 जून 2026 को बिहार सरकार ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा वापस ले ली थी। हालांकि, दोनों पूर्व मुख्यमंत्री होने के कारण उन्हें कानूनी प्रावधानों के तहत स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी।

लालू परिवार ने लौटा दी थी सरकारी सुरक्षा

सरकार के फैसले के बाद इस मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। विरोध स्वरूप लालू परिवार ने सरकारी सुरक्षा वापस लौटा दी थी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन उन्होंने भी विरोध जताते हुए अपनी सरकारी सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया था।

आरजेडी ने जताई थी नाराजगी

आरजेडी ने सरकार के फैसले को राजनीतिक प्रतिशोध बताया था। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने आरोप लगाया था कि सरकार ने जानबूझकर लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती कर उनकी सुरक्षा से समझौता किया है।

अब फिर बहाल होगी Z+ सुरक्षा

सरकार के नए फैसले के बाद दोनों नेताओं को फिर से Z+ सुरक्षा और बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा मिलेगी। हालांकि आरजेडी की ओर से कहा गया है कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है और जानकारी केवल मीडिया के माध्यम से मिली है।

क्या होती है Z+ सुरक्षा?

Z+ सुरक्षा देश की सबसे उच्च श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्थाओं में शामिल है। इसमें 24 घंटे शिफ्ट के आधार पर 22 प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। सुरक्षा में बिहार पुलिस के अलावा आईटीबीपी और सीआरपीएफ के जवान शामिल होते हैं। इसके साथ एस्कॉर्ट वाहन, बुलेटप्रूफ गाड़ी और आधुनिक हथियारों से लैस सुरक्षा टीम भी उपलब्ध कराई जाती है।

  • ये भी पढ़े..

    लालू के एक फोन ने बदल दिया था बिहार का कानून! 10 सर्कुलर रोड का पूरा सच

    Share Add as a preferred…

    बिहार में पहली बार हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा: 15 जुलाई से आसमान से देखिए पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर की खूबसूरती

    Share Add as a preferred…