बिल्डर हत्याकांड में परिजनों का बड़ा आरोप, बोले- रातभर बदमाश काटते रहे और सोती रही पुलिस

भागलपुर: तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित कार्यालय में बिल्डर बजरंगी कुमार की निर्मम हत्या के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि वारदात के दौरान बदमाश रातभर हत्या को अंजाम देते रहे, लेकिन थाना के सामने मौजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो शायद बजरंगी कुमार की जान बचाई जा सकती थी। हत्या की बर्बरता ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। शव के गले, हाथ, गर्दन और प्राइवेट पार्ट पर गहरे जख्म पाए गए, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मृतक की बहन अंजलि देवी ने तिलकामांझी थाना पुलिस पर लापरवाही और अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके भाई के साथ कुछ दिनों से विवाद चल रहा था और इसकी जानकारी भी पुलिस को थी। बावजूद इसके सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि हत्या में शहर के ही कुछ परिचित लोगों की संलिप्तता हो सकती है। उनका दावा है कि बजरंगी कुमार का कुछ लोगों के साथ जमीन और कारोबारी विवाद चल रहा था, जो इस वारदात की बड़ी वजह बन सकता है।

मामले को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा है कि हत्या के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि 24 से 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब थाना के सामने ही इतनी बड़ी वारदात हो सकती है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करें।

पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

  • ये भी पढ़े..

    अवैध शराब कारोबार मामले में पूर्व RJD MLC सुबोध राय पर वैशाली पुलिस का शिकंजा, आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी टीम

    Share Add as a preferred…

    श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने अजगैविनाथ धाम पहुंचे अधिकारी, कई पार्किंग स्थल किए गए चिन्हित

    Share Add as a preferred…