पटना में जाम से राहत की तैयारी, मेट्रो निर्माण के साथ ट्रैफिक प्रबंधन होगा मजबूत

पटना, 03 जुलाई 2026: राजधानी पटना में लगातार बढ़ती ट्रैफिक और जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। माननीय मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में विशेष रूप से पटना मेट्रो रेल परियोजना के तहत विद्युत भवन से रुकनपुरा के बीच प्रस्तावित अंडरग्राउंड मेट्रो टनल निर्माण के दौरान बेली रोड पर पड़ने वाले संभावित यातायात प्रभाव की समीक्षा की गई। इस दौरान यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि मेट्रो निर्माण कार्य के बावजूद आम नागरिकों को किसी प्रकार की बड़ी असुविधा न हो।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा कि “बेली रोड पर यातायात बाधित नहीं होने देंगे।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के साथ-साथ वैकल्पिक मार्ग, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए ताकि यातायात सामान्य बना रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए। सुझावों के आधार पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

इस उच्च स्तरीय बैठक में विधायक श्याम रजक, रत्नेश कुमार, संजीव चौरसिया, संजय कुमार, विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना नगर निगम की महापौर एवं उपमहापौर सहित परिवहन विभाग, पथ निर्माण विभाग, नगर विकास विभाग और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सरकार का कहना है कि पटना में तेज़ी से बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए अब मेट्रो निर्माण और ट्रैफिक मैनेजमेंट दोनों को समान प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि राजधानी में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

  • ये भी पढ़े..

    लालू के एक फोन ने बदल दिया था बिहार का कानून! 10 सर्कुलर रोड का पूरा सच

    Share Add as a preferred…

    बिहार में पहली बार हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा: 15 जुलाई से आसमान से देखिए पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर की खूबसूरती

    Share Add as a preferred…