लंबे इंतजार के बाद नीतीश से मिले आरसीपी सिंह, ‘आत्मीय मुलाकात’ का दावा; तस्वीर ने बढ़ाए नए सियासी कयास

पटना: बिहार की राजनीति में लंबे समय से चर्चा का विषय बनी आरसीपी सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात आखिरकार हो गई। मुलाकात की जानकारी खुद आरसीपी सिंह ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए दी और इसे “आत्मीय” बताया। हालांकि सामने आई तस्वीर ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

आरसीपी सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदरणीय नीतीश बाबू से भेंट हुई। उनसे बातचीत हुई। मुलाकात बहुत आत्मीय रही।”

सूत्रों के अनुसार, आरसीपी सिंह काफी देर तक समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री आवास के बाहर इंतजार करते रहे। जब नीतीश कुमार बाहर आए तो आरसीपी सिंह ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। तस्वीरों में दिखाई देता है कि नीतीश कुमार ने इशारे में अभिवादन स्वीकार किया, वहां मौजूद अन्य लोगों से बातचीत की और फिर अंदर चले गए। इस तस्वीर को लेकर अलग-अलग राजनीतिक व्याख्याएं की जा रही हैं।

बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के बाद आरसीपी सिंह लगातार नीतीश कुमार से मिलने का प्रयास कर रहे थे। अब इस मुलाकात के बाद जेडीयू में उनकी संभावित ‘घर वापसी’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि इस मुलाकात को संभव बनाने में नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की भूमिका रही हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आरसीपी सिंह कभी नीतीश कुमार के सबसे करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। आईएएस सेवा छोड़ने के बाद उन्होंने जेडीयू में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बने। बाद में दोनों नेताओं के रिश्तों में खटास आई और उन्होंने जेडीयू छोड़कर बीजेपी का दामन थामा। वहां अपेक्षित भूमिका नहीं मिलने के बाद वे जन सुराज से जुड़ गए।

अब इस मुलाकात ने बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई और इसका भविष्य की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट हो सकेगा।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी मामले में नया मोड़, न्याय की मांग करने वाले सिपाही आशीष तिवारी सस्पेंड

    Share Add as a preferred…

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामला गरमाया, परिजनों ने लगाया धमकी और केस वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप

    Share Add as a preferred…