
बिहार के गया में ट्रेन चालक और गार्ड की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। गयाजी से पटना-राजगीर की ओर जा रही बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर लोहे की प्लेट रखी मिली। चालक ने समय रहते प्लेट देख ली और तुरंत ट्रेन रोक दी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:05 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन गयाजी स्टेशन से निकलकर धीमी गति से आगे बढ़ रही थी, तभी चालक नवनीत कुमार ने पटरी पर लोहे की प्लेट देखी। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी कार्रवाई करते हुए ट्रेन रोक दी और रेलवे कंट्रोल व अधिकारियों को सूचना दी। गार्ड राजीव कुमार ने भी सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए स्थिति संभाली।
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यार्ड क्षेत्र में रेलवे का लोहा चोरी करने आए बदमाश ट्रेन आते देख भागने लगे और भागते समय लोहे की प्लेट ट्रैक पर छोड़ गए। सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे, प्लेट हटाई गई और ट्रैक की जांच के बाद करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया।
घटना के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन रेलवे कर्मियों ने स्थिति स्पष्ट कर सभी को शांत कराया। इस मामले में कांड संख्या 1940/26 दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम छापेमारी कर रही है।
रेलवे अधिकारियों ने चालक नवनीत कुमार और गार्ड राजीव कुमार की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समय पर की गई कार्रवाई से यात्रियों की जान सुरक्षित रही और एक बड़ा हादसा टल गया।


