गोपालगंज में शादी समारोह में खूनी वारदात: स्टेज से खींचकर ले गए बदमाश, विरोध करने पर डांसर को मारी गोली, मौत

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक वारदात ने सनसनी फैला दी। कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव में आयोजित नाच कार्यक्रम के दौरान बदमाशों ने एक डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

स्टेज से जबरन ले जाने की कोशिश, विरोध करने पर मारी गोली

मिली जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा के पास स्थित पटोहवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान नाच-ड्रामा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से आई नाच पार्टी का डांसर सोनू गोंड प्रस्तुति दे रहा था।

बताया जाता है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक डांसर पर अश्लील नृत्य करने का दबाव बनाने लगे। जब सोनू ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया तो वे उसे जबरन स्टेज से खींचकर सुनसान स्थान पर ले जाने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पेट में सटाकर गोली मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र स्थित महुआ पाटन गांव निवासी 32 वर्षीय सोनू गोंड के रूप में हुई है।

सात वर्षों से कर रहा था नाच पार्टी में काम

नाच-ड्रामा पार्टी के संचालक रामायण यादव ने बताया कि सोनू वर्ष 2020 से उनकी पार्टी के साथ जुड़ा हुआ था और मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, तभी कुछ युवक आए और जबरन अपनी पसंद के कार्यक्रम की मांग करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने सोनू को गोली मार दी।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

जानकारी के अनुसार, सोनू गोंड अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। माता-पिता की मृत्यु के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसके पीछे तीन छोटे बच्चे, पत्नी और एक छोटा भाई है।

उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

शादी समारोह में मचा हड़कंप

घटना के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोग भयभीत हो गए और कार्यक्रम तुरंत बंद कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि शादी समारोह के दौरान डांसर को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का दावा

थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार के दो स्टार क्रिकेटरों को मिलेगा DSP पद! मुकेश कुमार और आकाश दीप की सीधी नियुक्ति की सिफारिश

    Share Add as a preferred…

    लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर RJD के पूर्व विधायक मुकेश रौशन को धमकी! SSP से लगाई सुरक्षा की गुहार

    Share Add as a preferred…