
बिहार में NEET परीक्षा दोबारा आयोजित होने से पहले राज्य सरकार ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। Samrat Choudhary ने घोषणा की है कि NEET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 20, 21 और 22 जून को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सभी सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
सरकार की ओर से कहा गया है कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए छात्रों को केवल अपना NEET एडमिट कार्ड दिखाना होगा। माना जा रहा है कि इस फैसले से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को आर्थिक और मानसिक राहत मिलेगी।
दरअसल, 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों के बीच निराशा और तनाव का माहौल था। कई परीक्षार्थियों ने दोबारा परीक्षा की तैयारी, यात्रा खर्च और मानसिक दबाव को लेकर चिंता जताई थी। ऐसे में बिहार सरकार की यह पहल छात्रों के लिए बड़ी मदद के रूप में देखी जा रही है।
राज्य सरकार ने जिला प्रशासन, सामाजिक संगठनों, मठ-मंदिरों और गैर-सरकारी संस्थाओं से भी सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू, छाया और प्राथमिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जानकारी के मुताबिक राज्य के कई जिलों में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और परिवहन को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जा रही है ताकि छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।
NEET देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों छात्र डॉक्टर बनने के सपने के साथ इस परीक्षा में शामिल होते हैं। इस बार पेपर लीक विवाद के कारण परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी थी। कई छात्रों का कहना था कि दोबारा परीक्षा देने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
ऐसे में मुफ्त बस सेवा की घोषणा छात्रों के लिए राहतभरी खबर बनकर सामने आई है। राज्य सरकार ने छात्रों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हों और अपने साथ वैध एडमिट कार्ड जरूर रखें।
सरकार का कहना है कि यह पहल छात्र हित और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।


