बिहार के सरकारी स्कूलों में फिर लागू होगी ‘हाफ डे’ व्यवस्था, शनिवार को आधे दिन चलेगी पढ़ाई

बिहार के सरकारी स्कूलों के समय और कार्यदिवस को लेकर पिछले कई महीनों से जारी विवाद अब खत्म होने की ओर बढ़ता दिख रहा है। राज्य सरकार छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की मांगों को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है। जल्द ही सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर से ‘हाफ डे’ व्यवस्था लागू की जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार शिक्षा विभाग इस प्रस्ताव पर लगभग अंतिम सहमति बना चुका है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। जानकारी के मुताबिक हाल ही में विभागीय अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में स्कूलों के वर्तमान समय, छात्रों की उपस्थिति, गर्मी की स्थिति और शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में यह माना गया कि शनिवार को पूरे दिन स्कूल संचालन से बच्चों और शिक्षकों दोनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसके बाद पुरानी व्यवस्था को दोबारा लागू करने पर सहमति बनी।

बताया जा रहा है कि Mithilesh Tiwari जल्द ही नई व्यवस्था को लेकर औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। शिक्षा विभाग ने नए टाइम टेबल और कार्यदिवस को लेकर ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया है। संभावना जताई जा रही है कि 31 मई तक इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

दरअसल, पिछले कई महीनों से राज्यभर के शिक्षक संगठन शनिवार को फुल डे स्कूल संचालन का विरोध कर रहे थे। शिक्षकों का कहना था कि लगातार छह दिन पूरे समय तक स्कूल चलाने से मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। वहीं मई-जून की भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को पूरे दिन स्कूल में रखना स्वास्थ्य के लिए जोखिम बनता जा रहा था।

ग्रामीण इलाकों में लू और गर्म हवाओं के कारण अभिभावकों की चिंता भी लगातार बढ़ रही थी। ऐसे में सरकार का यह फैसला बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

इस निर्णय से राज्य के करीब पौने छह लाख सरकारी शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही करोड़ों छात्र-छात्राओं को भी शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई का लाभ मिलेगा। माना जा रहा है कि इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ मानसिक आराम भी मिलेगा और शिक्षकों को सप्ताहांत में अपने जरूरी व्यक्तिगत एवं प्रशासनिक कार्यों को पूरा करने का समय मिल सकेगा।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ स्कूलों का माहौल छात्रों और शिक्षकों के अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में यह फैसला लिया गया है ताकि पढ़ाई की गुणवत्ता प्रभावित न हो और बच्चों पर अतिरिक्त बोझ भी कम किया जा सके।

सूत्रों के मुताबिक जून में गर्मी की छुट्टियों के बाद जब स्कूल दोबारा खुलेंगे, तब नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। नई समय-सारिणी के तहत सोमवार से शुक्रवार तक नियमित पढ़ाई होगी, जबकि शनिवार को स्कूल आधे दिन तक संचालित किए जाएंगे। हालांकि अंतिम समय और संचालन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार विधानसभा में सात विधेयकों पर चर्चा से लेकर TRE-4 भर्ती तक, मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में क्या-क्या हुआ?

    Share Add as a preferred…

    बिहार में जमीन की दाखिल-खारिज अब होगी महंगी, विधानसभा से विधेयक पास होने के बाद 200 रुपये शुल्क का प्रावधान

    Share Add as a preferred…