
Gopalganj district में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के अवैध नेटवर्क पर जोरदार प्रहार किया है। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में करीब 40 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब जब्त की गई है। इस कार्रवाई के बाद तस्करों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गोरौली गांव स्थित कब्रिस्तान के समीप खड़े एक संदिग्ध ट्रक की सूचना पुलिस को गुप्त रूप से मिली थी। सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष टिंकू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें सैकड़ों कार्टन में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जांच के दौरान ट्रक से करीब 2950 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
शुरुआती जांच में जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 से 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
वहीं दूसरी ओर पुलिस ने भठवां मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान एक लग्जरी कार से भी विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और वाहन मालिक एवं चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस यह जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई कहां होनी थी।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच में जुटी है, ताकि तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


