पति-पत्नी के झगड़े के बाद छाया सन्नाटा, सुबह सामने आई दिल दहला देने वाली कहानी

पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला की संदिग्ध मौत, गर्दन पर मिले जख्म के निशान; आरोपी पति फरार, पुलिस कर रही तलाश

बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां किराए के मकान में रहने वाली 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले ने तब सनसनीखेज मोड़ ले लिया जब मृतका के महज 5 वर्षीय बेटे ने पुलिस और परिजनों के सामने दावा किया कि उसके पिता ने ही उसकी मां की हत्या की है।

घटना शहर के पंचवटी चौक स्थित एक किराए के मकान की है, जहां सोनी कुमारी अपने पति सोनू शर्मा और दो छोटे बच्चों के साथ रहती थी। महिला की मौत के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया, जिसके बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है।

‘पापा ने मां का गला दबाकर मार दिया’

मामले में सबसे अहम बयान मृतका के पांच वर्षीय बेटे बीबान राज का सामने आया है। बच्चे ने बताया कि रात में उसके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ था। पहले पिता ने मां के साथ मारपीट की और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के वक्त दोनों बच्चे घर में ही मौजूद थे।

गर्दन पर मिले चोट के निशान

सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार और सदर थानाध्यक्ष अमित रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में महिला के गर्दन पर जख्म के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

पति फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के बाद से आरोपी पति सोनू शर्मा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका की मां लीला देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ पहले भी कई बार मारपीट की गई थी। उन्होंने बताया कि सोनू शर्मा परिवार का खर्च ठीक से नहीं उठाता था और गलत गतिविधियों में शामिल रहता था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इस संबंध में पहले महिला थाना में शिकायत भी की गई थी।

इलाके में सनसनी, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस हत्या, घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब सबकी नजर फरार पति की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

  • ये भी पढ़े..

    वैशाली में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़! फायरिंग में महिला को लगी गोली, तीन लोग घायल

    Share Add as a preferred…

    JDU की सबसे बड़ी बैठक 21 जून को: राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे नीतीश, क्या निशांत कुमार को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?

    Share Add as a preferred…