भागलपुर में सेप्टिक टंकी में दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत, इलाके में मातम

बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नवगछिया के कदवा थाना क्षेत्र में शौचालय की सेप्टिक टंकी में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई।

यह घटना खैरपुर कदवा गांव के पूर्व टोला वार्ड संख्या 3 में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ज्वाला यादव के घर शौचालय निर्माण के दौरान मजदूर टंकी की सेटरिंग खोलने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान टंकी में मौजूद जहरीली गैस के कारण एक-एक कर तीनों मजदूर बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान श्रीलाल मंडल, बमबम मंडल और जेनू मंडल के रूप में हुई है। इस हादसे से तीन परिवारों के चिराग बुझ गए, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।

वहीं, डीसीएलआर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि सेप्टिक टंकी में मिथेन गैस बनने के कारण इस तरह की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि टंकी में ऑक्सीजन की कमी होने पर कुछ ही मिनटों में व्यक्ति की हालत गंभीर हो जाती है। बताया जा रहा है कि दो मजदूरों को बचाने के प्रयास में एक अन्य मिस्त्री भी टंकी में उतरा था, जिसकी भी मौत हो गई।

प्रशासन ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की है कि बिना सुरक्षा उपायों के सेप्टिक टंकी में न उतरें और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।

ये भी पढ़े..

गयाजी, राजगीर और नालंदा को मिलेगा नया पर्यटन स्वरूप, अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं और बड़े निवेश की तैयारी तेज

Share Add as a preferred…

नेपाल में प्रिंस यादव की मौत पर गरमाई राजनीति, पप्पू यादव बोले- यह हत्या है, दोषियों पर हो कार्रवाई

Share Add as a preferred…