सोनपुर में गंडक नदी में बड़ा हादसा, चौठारी पूजन के दौरान 4 लोग डूबे, 2 की मौत

बिहार के सोनपुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ‘चौठारी पूजन’ के दौरान गंडक नदी में डूबने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे अब भी लापता हैं।

घटना सोनपुर के बैजलपुर जड़भरत स्थान के पास की है, जहां शादी के बाद आयोजित पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे परिवार के लोग नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आकर चार लोग बहने लगे।

मृतकों की पहचान दुल्हन की 45 वर्षीय मां बबीता देवी और उनकी 35 वर्षीय मामी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। गुड़िया देवी नालंदा जिले के नूरसराय निवासी रवि सिंह की पत्नी थीं। वहीं, लापता बच्चों में 12 वर्षीय रिशु कुमार और 15 वर्षीय रिचा कुमारी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, जनार्दन सिंह की बेटी की शादी सोमवार को गोपालपुर में हुई थी। मंगलवार को विदाई के बाद बुधवार को परंपरा के तहत परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार चौठारी पूजन के लिए नदी घाट पहुंचे थे। पूजा से पहले स्नान के दौरान यह हादसा हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और नाविकों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय मल्लाहों की मदद से दोनों महिलाओं को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर थी।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, जिसमें सीओ राजकुमार, थानाध्यक्ष दिलीप कुमार और SDRF की टीम शामिल थी। दोनों महिलाओं को पहले सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल और फिर हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि लापता बच्चों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।


ये भी पढ़े..

गयाजी, राजगीर और नालंदा को मिलेगा नया पर्यटन स्वरूप, अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं और बड़े निवेश की तैयारी तेज

Share Add as a preferred…

नेपाल में प्रिंस यादव की मौत पर गरमाई राजनीति, पप्पू यादव बोले- यह हत्या है, दोषियों पर हो कार्रवाई

Share Add as a preferred…