गया में ऑपरेशन विलेप: दून एक्सप्रेस से 102 जीवित कछुए बरामद, तस्कर फरार

बिहार में तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। एक ओर जहां बिहार पुलिस शराब तस्करी पर शिकंजा कस रही है, वहीं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ट्रेनों के जरिए हो रही अवैध तस्करी पर भी सख्त नजर बनाए हुए है। गया में इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला है, जहां आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 जीवित कछुओं को बरामद किया है।

दून एक्सप्रेस के कोच से हुई बरामदगी

आरपीएफ गया द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन विलेप के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13010 दून एक्सप्रेस के कोच एस-3 में गश्ती के दौरान एक संदिग्ध झोला और पिट्ठू बैग दिखाई दिया। जांच करने पर इनमें से 102 जीवित कछुए बरामद किए गए। कछुओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है।

यात्रियों ने नहीं दी जानकारी, तस्कर फरार

आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक पवन कुमार अपनी टीम के साथ कार्रवाई में जुटे थे। बरामदगी के दौरान कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति कछुओं के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इस दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।

वन विभाग को सौंपे गए कछुए

बरामद सभी कछुओं को वन विभाग को सौंप दिया गया है। वन विभाग की रेंज अधिकारी आरती कुमारी को 102 जीवित कछुए सुरक्षित रूप से सुपुर्द किए गए। वन विभाग आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गया है।

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब गया में जीवित कछुओं की बरामदगी हुई है। इससे पहले भी आरपीएफ ने 74 कछुओं को जब्त किया था।
आरपीएफ गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्य जीव संरक्षण को लेकर भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • Related Posts

    भोजपुर में ‘खूनी’ हुआ क्रिकेट का मैदान! झोपड़ी में सो रहे युवक की कनपटी में मारी गोली; 22 साल के चंद्रशेखर की हत्या से दहला गांव

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना सिटी में अपराधियों ने ईंट-भट्ठे के बुजुर्ग मुंशी की बेरहमी से हत्या; चेहरे को ईंटों से कूचा, इलाके में दहशत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading