पटना जंक्शन पर तेजस राजधानी में मारपीट, बीमार युवती को थप्पड़ और सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी की पिटाई

पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर तेजस राजधानी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ट्रेन में सवार एक बीमार युवती के साथ सह यात्री द्वारा मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का विरोध करने पर युवती के चाचा, जो रेलवे के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, को भी बेरहमी से पीटा गया।

बीमार भतीजी के साथ कर रहे थे यात्रा

पीड़ित बुजुर्ग की पहचान 67 वर्षीय ब्रज किशोर सिंह के रूप में हुई है, जो रेलवे में कॉमर्शियल सुप्रिटेंडेंट पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वे हाजीपुर के शाही कॉलोनी में रहते हैं। उनकी भतीजी हरियाणा के एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं और 18 दिसंबर को दिल्ली जाने के लिए तेजस राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं।

मिडिल बर्थ खोलने पर विवाद

जानकारी के अनुसार, तबीयत खराब होने के कारण युवती ट्रेन में चढ़ते ही अपनी मिडिल बर्थ खोलकर बैठने लगी। इसी दौरान नीचे की बर्थ पर बैठे 45 वर्षीय यात्री ने अचानक सीट नीचे गिरा दी और युवती को थप्पड़ मार दिया। जब ब्रज किशोर सिंह ने इसका विरोध किया, तो आरोपी यात्री ने उन पर भी मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा।

हेल्पलाइन पर शिकायत, इलाज कराया गया

घटना के बाद पीड़ित ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और रेलवे अस्पताल में इलाज करवाया। पीड़ित का आरोप है कि सूचना के बावजूद मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने आरोपी यात्री रोहित कुमार के खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की।

यात्रा छोड़कर ट्रेन से उतरे पीड़ित

घटना से आहत ब्रज किशोर सिंह और उनकी भतीजी ने अपनी यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया और ट्रेन से उतर गए। उनका कहना है कि सुरक्षा के अभाव और कार्रवाई न होने के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

आरोपी फरार, तलाश जारी

पटना जंक्शन रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद आरोपी यात्री अपनी सीट छोड़कर फरार हो गया था। उसकी पहचान और ठिकाने का पता लगाया जा रहा है। वहीं पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कई बार टाल-मटोल के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज किया।

  • Related Posts

    भागलपुर में शराब की बड़ी खेप जब्त: पुआल के नीचे मिली 20 लाख की ‘दारू’; झारखंड से मुंगेर जा रहा था UP नंबर का ट्रक

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भागलपुर का ‘नटवरलाल’ धनबाद में गिरफ्तार: आर्मी अफसर का बेटा बताकर महिलाओं को फंसाता था प्रेम जाल में; सिजुआ की युवती ने चंडीगढ़ से पकड़कर सिखाया सबक

    Share Add as a preferred…

    Continue reading