राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 1283 नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 10 आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इन 1283 नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों में 685 आयुर्वेदिक, 393 होमियोपैथिक एवं 205 यूनानी चिकित्सक शामिल हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
राज्य के सभी जिलों में की गई पदस्थापना
बताया गया कि स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इन आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए इच्छित जिलों, मेधासूची एवं रिक्त पदों की उपलब्धता के आधार पर राज्य के सभी 38 जिलों के विभिन्न स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों में इनकी पदस्थापना की गई है।
स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों में मिलेगा लाभ
इन सभी नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित चलंत चिकित्सा दल, आयुष चिकित्सा सेवा के तहत ओपीडी संचालन तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात किया जा रहा है। इससे विद्यालयों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारी की समय पर पहचान और उपचार में काफी सुविधा होगी।
पदस्थापन के पश्चात् स्कूली बच्चों की ससमय स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार होगा और राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे आम लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पाण्डेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, बिहार चिकित्सा सेवा एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. नीलेश रामचन्द्र देवरे, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक श्री अमित कुमार पाण्डेय, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव श्री हिमांशु शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


